सर्व सेवा संघ का दो दिवसीय 91वां अधिवेशन संपन्न

The two-day 91st session of the Sarva Seva Sangh concluded.

जोधपुर, 27 फरवरी 2026। सर्व सेवा संघ का दो दिवसीय 91वां अधिवेशन ग्रामीण विकास विज्ञान समिति, जोधपुर के सभा भवन में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन की अध्यक्षता बाबा आबा कमले ने की।

कार्यक्रम का संचालन संघ के महामंत्री आनंद किशोर ने किया, जबकि स्वागत भाषण प्रबंध न्यासी महादेव विद्रोही ने प्रस्तुत किया। अधिवेशन का उद्घाटन प्रख्यात चिंतक प्रो. राम पुनियानी ने किया।

अधिवेशन में महिला संबंधी मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। देश में महिलाओं की आवाज बुलंद करने वाली नीता बहन ने युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सर्वोदय की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने समाज में समानता, न्याय और सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर गांधी विचार मंच के संयोजक डॉ. मनोज कुमार, संघ के मंत्री विजय कुमार, बिहार सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष चंद्र भूषण, महिला सर्वोदय मंडल की संयोजिका सीमा कुमारी, बेगूसराय के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर चौधरी, सीतामढ़ी सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष नंद किशोर मंडल, रामप्रमोद मिश्र, अमरेंद्र कुमार, कुमार ओमप्रकाश सहित झारखंड सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष विश्वनाथ आजाद, उड़ीसा सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष कैलाश साहू, तेलंगाना सर्वोदय मंडल के प्रमोद तथा राजस्थान से इंदल सिंह सहित नौ राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रो. राम पुनियानी ने अपने संबोधन में ऐतिहासिक संदर्भों के आधार पर सांप्रदायिकता से जुड़े प्रश्नों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में फैलाए जा रहे भ्रमों का तार्किक विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए सामाजिक सौहार्द और एकता की आवश्यकता पर जोर दिया।

अधिवेशन के समापन सत्र में सभी सदस्यों ने एक स्वर में वर्तमान चुनौतियों के बीच एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सभी सदस्य एक ही परिवार और विचारधारा से जुड़े हैं तथा समय की मांग है कि सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत किया जाए।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment