औरंगाबाद के हसपुरा थाना की पुलिस ने जिले के टॉप-10 में शामिल एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी रोहित कुमार उर्फ रोहित पांडेय रोहतास के नासरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चीतोखर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हसपुरा थाना क्षेत्र के कोईलवां मोड के पास पकड़ा।गुरुवार को एसपी अंबरीश राहुल ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया अपराधी जिले के टॉप टेन में शामिल है। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अपराधी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2016 में हसपुरा थाना क्षेत्र के पचरुखिया के पास से हल्दी लदा एक ट्रक लूट लिया था। स्कॉर्पियो पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने ट्रक को रुकवा कर चालक-खलासी को बंधक बनाया था। हल्दी लदा ट्रक लेकर फरार हो गए थे।डेहरी से बरामद किया था लूटा गया ट्रक, सात धराए थे,एसपी ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लूट के ट्रक को रोहतास के डेहरी से बरामद कर लिया था। साथ ही 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। एक फरार था। जिसे टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल किया गया।उसकी गिरफ्तारी के लिए दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषि राज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधी को कोईलवां मोड़ से गिरफ्तार किया। पकड़े जाने के बाद पूछताछ के दौरान उसने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।एसपी ने बताया कि पकड़ा गया अपराधी रोहित कुमार उर्फ रोहित पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध रोहतास के नासरीगंज थाना में अलग-अलग दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
औरंगाबाद में हल्दी लदा ट्रक लूटने वाला शातिर गिरफ्तार:टॉप-10 अपराधियों की सूची में था शामिल, कार्रवाई के लिए एसआईटी का हुआ था गठन