पटना : बिहार के पूर्व मंत्री और आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। तेजप्रताप का आरोप है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और कई कीमती सामान गायब हो गए हैं। मामले को लेकर पटना के सचिवालय थाने में FIR दर्ज कराई गई है।
शिकायत के मुताबिक, तेजप्रताप यादव ने बताया कि अलमारी की जांच करने पर नकदी के अलावा सोने की चेन, अंगूठी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कुछ अन्य चीजें गायब मिलीं। उन्होंने दावा किया कि चोरी हुई रकम पार्टी फंड से जुड़ी थी।
तेजप्रताप ने अपने PA मोतीलाल राय पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने उन्हें मोतीलाल को बैग के साथ आवास परिसर से बाहर जाते देखा था। हालांकि, लगाए गए आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और उनकी पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, सबूतों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।