लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुरुवार को महज तीन घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन कुख्यात अपराधियों को मार गिराया। मारे गए अपराधियों में झारखंड का वांछित गैंगस्टर आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह और सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड में शामिल दो शूटर शामिल हैं।
प्रयागराज में झारखंड का गैंगस्टर ढेर
पहली मुठभेड़ प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई। एसटीएफ प्रयागराज को सूचना मिली कि झारखंड के धनबाद निवासी कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह शिवराजपुर चौराहे के पास छिपा हुआ है। टीम ने इलाके की घेराबंदी की।
एसटीएफ के ललकारने पर छोटू सिंह ने AK-47 और 9 एमएम पिस्टल से गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस को मौके से AK-47, 9 एमएम पिस्तौल, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस मुठभेड़ में एसटीएफ के तीन जवान सुरक्षित रहे।
सीतापुर में पत्रकार हत्या के दोनों शूटर मारे गए
दूसरी बड़ी कार्रवाई सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में हुई। हरदोई-सीतापुर सीमा पर पुलिस ने मुठभेड़ में पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या में शामिल दोनों शूटरों को ढेर कर दिया।
गौरतलब है कि 8 मार्च को हेमपुर ओवरब्रिज पर पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दो आरोपियों—कारदेव मंदिर के बाबा सहित—को पहले ही जेल भेजा जा चुका था, जबकि दोनों शूटर फरार थे और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की टीमें लगातार इनकी तलाश में लगी थीं।
तीन घंटे में तीन मुठभेड़, यूपी पुलिस की बड़ी कामयाबी
उत्तर प्रदेश पुलिस की यह ताबड़तोड़ कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को लेकर उसकी तत्परता दिखाती है, बल्कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी देती है।