अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को सरकारी खर्च की निगरानी और कटौती के लिए स्थापित डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का प्रमुख बनाने के बारे में एक बड़ा खुलासा किया है। ट्रंप ने कहा, “मैं चाहता था कि DOGE का नेतृत्व एलन मस्क से ‘अधिक होशियार’ कोई शख्स करे, लेकिन बाद में मस्क पर सहमति बनी।” यह टिप्पणी उन्होंने जनवरी में व्हाइट हाउस लौटने के बाद अपने पहले संयुक्त टीवी साक्षात्कार में की थी।
एलन मस्क की तारीफ करते हुए ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क की बुद्धिमत्ता और लागत में कटौती करने के कौशल की सराहना की। हालांकि, फॉक्स न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने DOGE का नेतृत्व करने के लिए मस्क से “अधिक होशियार” किसी व्यक्ति की तलाश की थी।
ट्रंप ने कहा, “वह अच्छा है… मैंने उससे ज़्यादा होशियार कोई व्यक्ति ढूंढने की कोशिश की थी, पर मैं ऐसा नहीं कर सका। मुझे कोई और होशियार व्यक्ति नहीं मिला। इसलिए, हमें देश के लिए उसे ही चुनना पड़ा।” इस पर मस्क मुस्कुराते हुए बोले, “अच्छा, मुझे बुलाने के लिए धन्यवाद।”
एलन मस्क का एक आदेश पलटा
एलन मस्क ने परमाणु कार्यक्रम से जुड़े लगभग 350 कर्मचारियों को जॉब से हटा दिया था, लेकिन ट्रंप ने एक दिन के भीतर यह आदेश वापस ले लिया, जिसके कारण ट्रंप सरकार की आलोचना हो रही थी।
हजारों नौकरियां कम हुईं
जब से ट्रंप ने मस्क को सरकारी खर्चों को खत्म करने और नाटकीय बदलावों के लिए जिम्मेदारी सौंपी है, तब से DOGE ने संघीय एजेंसियों में अपना प्रभाव बढ़ा लिया है, जिसमें हजारों नौकरियों में कटौती भी शामिल है। हालांकि, डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाले अमेरिकी राज्यों और उदारवादी कानूनी समूहों ने DOGE को सरकारी सिस्टम तक पहुंचने से रोकने के लिए कई मुकदमे दायर किए हैं।