गोपालगंज: जिले क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक वारदात में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो भाइयों पर बदमाशों ने चाकू से के कटेया थानाहमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
रास्ते में रोककर किया हमला
पुलिस के अनुसार, मुजहा गांव निवासी सिकंदर गोंड और उसका भाई धर्मेंद्र गोंड पास के गांव में बिगू पटेल के घर बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सिकंदर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
पुरानी रंजिश का शक, हमला साजिशन किया गया
परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों भाइयों पर साजिश के तहत हमला किया गया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने दोनों को मरा समझकर मौके से भाग लिया। गांव के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। सिकंदर को बचाया नहीं जा सका।
नामजद आरोपियों की पहचान
परिजनों ने गांव के ही टाइगर अंसारी, शम्भू अंसारी, रफीक अंसारी और शालीमार अंसारी को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि इन लोगों से पहले से विवाद चल रहा था और उसी का नतीजा यह हमला है।
गांव में तनाव, आरोपियों के घरों की ओर बढ़े ग्रामीण
शनिवार को जैसे ही सिकंदर का शव गांव पहुंचा, लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण आरोपियों के घरों की ओर हमले के इरादे से बढ़ने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हालात पर नजर बनाए हुए है प्रशासन
प्रशासन की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है और पुलिस हर संभावित कदम उठा रही है ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।