उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के बरसाना में ‘रंगोत्सव 2025’ का शुभारंभ किया

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath launched 'Rangotsav 2025' in Barsana, Mathura

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक दिवसीय दौरे पर मथुरा के बरसाना में ‘रंगोत्सव 2025’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या के कायाकल्प के बाद अब मथुरा और ब्रजभूमि के विकास का समय आ गया है। बरसाना में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने श्री लाडली जी महाराज मंदिर में दर्शन-पूजन किया और फूलों व लड्डूमार होली के जरिए रंगोत्सव की शुरुआत की।

‘ब्रज भूमि श्रद्धा और आस्था की धरा’
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा, “5 हजार साल से भारत की सनातन संस्कृति को ऊर्जा देने वाली यह ब्रज भूमि श्रद्धा और आस्था की धरा है। इसके कण-कण में श्री राधा और श्री कृष्ण के दर्शन होते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि यहां काशी, अयोध्या और मथुरा, ये तीनों तीर्थ स्थल सनातन एकता के प्रतीक के रूप में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास की नई परंपरा स्थापित हुई है, जिसका परिणाम हाल ही में संपन्न प्रयागराज महाकुंभ के भव्य आयोजन के रूप में देखने को मिला।

‘दूरियों को मिटाने का त्योहार’
सीएम योगी ने होली को एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि होली आपसी सद्भाव और दूरियों को मिटाने का त्योहार है। महाकुंभ ने जहां दुनिया को एकता का संदेश दिया, वहीं होली इसे और मजबूत करती है। उन्होंने बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लठ्ठमार होली और लड्डूमार होली का जिक्र करते हुए सनातन धर्म की अद्भुत परंपराओं की सराहना की।

‘बरसाना को विकास से जोड़ा जा रहा’
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि इस बार के बजट में ब्रज भूमि के विकास के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और करोड़ों की योजनाओं के साथ बरसाना को विकास से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा, “पहली बार बरसाना में रोपवे की सुविधा शुरू हुई है।” इसके अलावा, काशी, अयोध्या, प्रयागराज, और मां विंध्यवासिनी धाम के विकास के उपरांत अब ब्रज भूमि के विकास की बारी है। उन्होंने यमुना के संरक्षण का वादा दोहराते हुए कहा, “अब यमुना मइया भी गंगा मां की तरह निर्मल और अविरल होंगी।”

‘ब्रज भूमि का विकास होली के अवसर पर तेजी से होगा’
सीएम योगी ने यह भी कहा कि डबल इंजन की सरकार सुरक्षा, विकास और समृद्धि की गारंटी है। उन्होंने कहा, “होली के इस पावन अवसर पर ब्रज भूमि के विकास को नई गति मिलेगी।” उन्होंने इस दौरान संतों का सम्मान किया और देश-दुनिया से आए लोगों को होली और रंगोत्सव की शुभकामनाएं दी।

(इनपुट: IANS)

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment