उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार को ऊंचाई वाले इलाके में बादल फटने के बाद भारी तबाही मच गई। इस आपदा के चलते खीरगंगा नदी में उफान आ गया, जिससे धराली और उसके आसपास के क्षेत्रों में पानी और मलबे का तेज बहाव कई मकानों को बहा ले गया। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सेना के 10 जवानों समेत कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
आपदा के बाद सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। धराली, हर्षिल और सुक्खी टॉप में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है और अब तक 130 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सेना की 14वीं राजरिफ यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन खुद 150 जवानों की टीम के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं। राज्य सरकार की ओर से स्टेट कंट्रोल रूम से हालात की लगातार निगरानी की जा रही है।
गंगोत्री धाम से लगभग 20 किलोमीटर पहले स्थित धराली गांव चारधाम यात्रा का अहम पड़ाव माना जाता है। यहां तीन से चार मंजिला इमारतें भी बाढ़ और मलबे की चपेट में आकर धराशायी हो गईं। गांव का बड़ा हिस्सा मलबे और कीचड़ में तब्दील हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, बादल फटने के बाद नदी का बहाव दो दिशाओं में बंट गया—एक ओर धराली और दूसरी ओर सुक्खी गांव, दोनों जगह बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।
लगातार हो रही बारिश के चलते राज्यभर में भूस्खलन की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी हैं, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है। हर्षिल आर्मी कैंप को भी नुकसान पहुंचा है और वहां का हेलिपैड पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
दूसरी ओर, हरिद्वार में भीमगौड़ा टनल के पास रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने से हरिद्वार-देहरादून रेल सेवा प्रभावित हुई है। घटनास्थल पर मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए पहली बार शव खोजी डॉग स्क्वॉड को दिल्ली से हवाई मार्ग से मंगवाया गया है। एडीआरएफ की तीन टीमें घटनास्थल पर तैनात हैं, जिनमें प्रत्येक में 35 से अधिक प्रशिक्षित बचावकर्मी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्राकृतिक आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, “उत्तरकाशी की इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। राज्य सरकार के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्यों को तेज किया जा रहा है। पीड़ितों की मदद में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर गहरा शोक जताते हुए राज्य सरकार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।