नई दिल्ली: हिंदी और मराठी फिल्म जगत की मशहूर पार्श्वगायिका पद्म भूषण सुमन कल्याणपुर का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार समेत कई नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
नितिन गडकरी ने सुमन कल्याणपुर के निधन को “बेहद दुखद” बताते हुए कहा कि यह भारतीय संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सुमन कल्याणपुर ने अपनी मधुर आवाज से हिंदी, मराठी समेत कई भाषाओं में हजारों गीतों को अमर बना दिया।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि सुमन कल्याणपुर की आवाज भारतीय संगीत जगत में हमेशा गूंजती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी गायकी ने दो पीढ़ियों के संगीत प्रेमियों को जोड़ने का काम किया। उनकी आवाज में प्रेम, भक्ति और जीवन के भावों की अद्भुत अभिव्यक्ति थी।
शरद पवार ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनके जाने से भारतीय शास्त्रीय और सुगम संगीत के स्वर्णिम युग का अंत हो गया है।
सुमन कल्याणपुर ने ‘आज कल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’, ‘ना ना करते प्यार तुमहीं से कर बैठे’ और ‘ना तुम हमें जानो’ जैसे कई सदाबहार गीतों को अपनी आवाज दी। उनकी आवाज को अक्सर लता मंगेशकर की आवाज समझ लिया जाता था। साल 2023 में भारत सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया था।