गया के कंगाली बिगहा गांव में मोहर्रम के झंडा गाड़ने को लेकर हिंसक झड़प, 12 से अधिक घायल, 17 हिरासत में

Violent clash over hoisting of Moharram flag in Kangali Bigha village of Gaya, more than 12 injured, 17 detained

गया (बिहार): बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित कंगाली बिगहा गांव में मंगलवार देर रात मोहर्रम के झंडा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई इस भिड़ंत में 12 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। दो गंभीर रूप से घायल लोगों को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। तनाव को देखते हुए पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और 17 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना की वजह क्या रही?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष द्वारा मोहर्रम का झंडा गाड़ने की कोशिश की जा रही थी, जिस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इसपर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला हिंसा में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ और हालात बिगड़ते चले गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को काबू में किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आनंद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। शेरघाटी-2 अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल पुलिस निरीक्षक को मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

स्थिति नियंत्रण में लेकिन अलर्ट बरकरार
SSP ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती गांव में की गई है। पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और घटना की गहन जांच जारी है।

फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है और अधिकतर की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment