Sanjay Singh ने दिग्गज महिला पहलवान Vinesh Phogat को लेकर बड़ा और सख्त बयान दिया है। गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में पहुंचे भारतीय कुश्ती संघ (WFI) अध्यक्ष ने कहा कि संघ के नियमों की अनदेखी करने पर विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता का नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि विनेश का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ प्रतिबंध जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
“हर बात पर आरोप लगाना आदत बन गई”
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे संजय सिंह ने कहा कि विनेश अब हर छोटी-बड़ी बात पर आरोप लगाने की आदी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जब विनेश ने प्रतियोगिता में आने की सहमति दी थी, तब उनकी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की पूरी जिम्मेदारी कुश्ती संघ ने ली थी। संघ की ओर से उन्हें सुरक्षित लाने, मुकाबला कराने और वापस भेजने तक की व्यवस्था की गई थी।
उन्होंने कहा कि जब देशभर, खासकर हरियाणा से बड़ी संख्या में महिला पहलवान प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंची हैं, तब अपनी ही व्यवस्था पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है।
“पहलवानों के आंदोलन से ओलंपिक तैयारी प्रभावित हुई”
WFI अध्यक्ष ने साल 2023 में हुए पहलवान आंदोलन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उस आंदोलन से भारतीय कुश्ती को भारी नुकसान हुआ और खिलाड़ियों की तैयारियां प्रभावित हुईं।
संजय सिंह के मुताबिक, भारत ने ओलंपिक में चार पदक जीतने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन विवादों और आंदोलन के कारण टीम केवल एक पदक ही हासिल कर सकी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब 2024 में महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का सम्मान बढ़ाया है और भारतीय कुश्ती फिर से मजबूत स्थिति में लौट रही है।
उन्होंने दावा किया कि 2028 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और भारत को चार से पांच पदक मिलने की उम्मीद है।
“देश विरोधी ताकतें माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकती हैं”
संजय सिंह ने आशंका जताई कि कुछ देश विरोधी ताकतें एक बार फिर भारतीय कुश्ती का माहौल खराब करने की कोशिश कर सकती हैं। उन्होंने नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम की सुविधाओं की जमकर सराहना करते हुए कहा कि देश में ऐसा बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत कम देखने को मिलता है और यहां का माहौल खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह अनुकूल है।
उन्होंने बताया कि इस नेशनल रैंकिंग प्रतियोगिता का उद्देश्य नए खिलाड़ियों को मंच देना है। प्रतियोगिता में 28 राज्यों के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। फ्री स्टाइल कुश्ती में करीब 600 खिलाड़ी मैदान में उतरे हैं, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत पहलवान अकेले हरियाणा से पहुंचे हैं।