10 साल बाद “मृत” घोषित युवक जिंदा लौटा, ससुर-साले ने काटी जेल, गांव में फैला आक्रोश

10 years later, the declared dead man returned alive, his father-in-law and brother-in-law spent time in jail, anger spread in the village

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के महराजपुर पंचायत स्थित रमना टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई जब 10 साल पहले लापता हुआ मो. इलियास अचानक अपनी दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ गांव लौट आया। चौंकाने वाली बात यह है कि उसकी झूठी मौत के आरोप में उसके ससुर और साले को 10 साल तक जेल की सजा भुगतनी पड़ी।

घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 2014 में इलियास के पिता सलीम अंसारी ने अपने समधी सिराज अंसारी और उनके बेटे पर इलियास की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेजा गया, जहां उन्होंने एक दशक तक सजा काटी।

अब जब इलियास सही-सलामत गांव लौट आया, तो गांव में तनाव और गुस्सा फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलियास के झूठ और धोखे की वजह से कई जिंदगियां बर्बाद हो गईं।

मामले की जांच में पता चला कि इलियास ने सिराज अंसारी की बेटी से शादी की थी, लेकिन पारिवारिक असहमति के चलते उसे नेपाल भेज दिया गया, जहां उसने दूसरी शादी कर ली। वहीं उसकी पहली पत्नी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर चुकी है।

ग्रामीण अब इलियास के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस पर थाना अध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment