नई दिल्ली: Narendra Modi ने शुक्रवार, 13 मार्च को देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी राहत दी। Guwahati, Assam में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi Yojana की 22वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत 9.32 करोड़ पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर की गई है। सरकार ने इस किस्त के रूप में 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी है, जो चरणबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच रही है।
मैसेज न आने पर घबराने की जरूरत नहीं
सरकार ने बताया कि जिन किसान भाइयों के बैंक खाते में पैसा पहुंच चुका है, उन्हें आमतौर पर बैंक की ओर से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज मिल जाता है। हालांकि यदि किसी कारणवश मैसेज नहीं आया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। किसान सीधे अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक कर सकते हैं।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के पाने के लिए eKYC पूरा करना और फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। जिन किसानों ने यह प्रक्रिया पूरी कर ली है, उनके खाते में किस्त की राशि सुरक्षित पहुंच जाएगी।
लाभार्थी सूची में नाम होना जरूरी
किसान यह भी जांच सकते हैं कि उन्हें 22वीं किस्त का लाभ मिलेगा या नहीं। इसके लिए उन्हें PM Kisan Official Website (pmkisan.gov.in) पर जाकर लाभार्थियों की सूची में अपना नाम देखना होगा।
नाम चेक करने के लिए वेबसाइट के होम पेज पर ‘फार्मर्स कॉर्नर’ में जाकर ‘बेनिफिशियरी लिस्ट’ के विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरकर ‘गेट रिपोर्ट’ पर क्लिक करें। ऐसा करते ही पूरी सूची स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसमें किसान अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं।