पूर्वी चंपारण में प्रशासन की छापेमारी, सीमेंट गोदाम से 36 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद, गोदाम सील

Administration raids East Champaran, recovers 36 empty LPG cylinders from cement warehouse, seals warehouse

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड मुख्यालय में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सीमेंट गोदाम से 36 खाली एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने संबंधित गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में गैस की कालाबाजारी करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पताही प्रखंड मुख्यालय स्थित एक हार्डवेयर दुकान के गोदाम में एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी की गुप्त सूचना प्रशासन को मिली थी। बताया जा रहा है कि यह गोदाम अमोद साह के “प्रकाश ट्रेडर्स” हार्डवेयर दुकान से जुड़ा हुआ है, जहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे जाने की बात सामने आई थी।

सूचना मिलने के बाद पकड़ीदयाल की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मंगला कुमारी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी (आरओ) अनिल कुमार को टीम के साथ गोदाम में छापेमारी करने का आदेश दिया। निर्देश मिलते ही आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम की तलाशी ली।

छापेमारी के दौरान गोदाम से एचपी और भारत गैस कंपनी के कुल 36 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने के बाद प्रशासन ने गोदाम को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

एसडीओ मंगला कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी में 36 खाली एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद होने के बाद गोदाम को सील कर दिया गया है। साथ ही मामले की आगे की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment