गोपालगंज: पूरे बिहार में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है। डबल इंजन की सरकार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और सरकार चुप्पी साधे बैठी है। उक्त बातें राजद के जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने आज सासामुसा में लूटपाट के शिकार हुए स्वर्ण व्यवसायी से मिलने के बाद कही। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश के आलोक में आज राजद का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सासामुसा बाजार में दिनदहाड़े लूटपाट के शिकार स्वर्ण व्यवसायी से मिल घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह के अलावा राजद के प्रधान महासचिव इम्तेयाज़ अली भुट्टो, व्यवसायी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित गुप्ता तथा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता शामिल थे। राजद के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने तथा लुटे गए जेवरात को बरामद करने की मांग करते हुए कहा कि यदि अपराधियों की अविलम्ब गिरफ्तारी नही हुई तो राजद आंदोलन को बाध्य हो जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने जिला प्रशासन से व्यवसायियों को सुरक्षा मुहैया कराने, उन्हें अपनी सुरक्षा हेतु शस्त्र की अनुज्ञप्ति देने तथा सासामुसा बाजार में पुलिस चौकी भी खोलने की मांग की है।
राजद के प्रधान महासचिव इम्तेयाज़ अली भुट्टो ने बताया कि घटना से सम्बंधित विस्तृत रिपोर्ट नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी भेजा जाएगा।
सासामूसा मे स्वर्ण व्यवसाई के दुकान मे हुई लूटपाट मामले मे पीड़ित से मिलने पहुंचे राजद नेताओं ने जिला प्रशासन से गिरफ़्तारी की मांग की