रोहतास : डेहरी में अतिक्रमण हटाने को चला बुलडोजर, कई घर ध्वस्त, पुलिस बल तैनात

Rohtas: Bulldozers deployed to remove encroachments in Dehri, several houses demolished, police force deployed.

रोहतास: रोहतास जिले के डेहरी शहर में गुरुवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। इस दौरान प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कई घरों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों को पुलिस ने मौके से खदेड़ दिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

प्रशासन के मुताबिक, डेहरी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण की योजना है, जिसके लिए करीब 15 डिसमिल भूमि की आवश्यकता है। जिस जमीन को परियोजना के लिए चिह्नित किया गया है, उस पर वर्षों से लोग रह रहे थे और कई लोगों ने पक्के मकान भी बना रखे थे। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सभी अवैध निर्माणों को हटाया गया है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि अंग्रेजी शासनकाल के दौरान नहर की खुदाई के समय उनके पूर्वज मजदूरी करने आए थे और तभी से वे यहां बस गए। लोगों का आरोप है कि जिन परिवारों को उस दौर में बसाया गया था, आज उन्हीं को उजाड़ा जा रहा है, जबकि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं।

दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन लंबे समय से अतिक्रमण के दायरे में थी। यहां लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाना है, जिससे शहर के गंदे पानी का शोधन कर उसे नदी में छोड़ा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से यह परियोजना बेहद जरूरी है, इसी कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment