श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक समूह पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
घटना के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेराबंदी कर लिया गया है। पहाड़ी इलाकों में आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शी की आपबीती
एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि उनके पति के सिर में गोली लगी है और कम से कम सात अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने पहचान उजागर नहीं की लेकिन लोगों से अस्पताल पहुंचाने में मदद की अपील की।
अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकी मंसूबों की आहट?
यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है। पर्यटकों को निशाना बनाना इस ओर इशारा करता है कि आतंकी यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। इस हमले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह सक्रिय
घटना की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब से ही गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए और शाह से घटनास्थल का दौरा करने को कहा है।
इसके बाद गृह मंत्री शाह ने दिल्ली में आपात बैठक बुलाई है, जिसमें गृह सचिव और खुफिया एजेंसियों (IB) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं। सरकार ने हमलावरों को जल्द पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन सुरक्षा बल हालात को काबू में करने और आतंकियों की तलाश में जुटे हुए हैं।