सहरसा: बिहार को जल्द ही तीसरी अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है, और इसकी सभी तैयारियां तेज़ी से अंतिम चरण में हैं। खास बात यह है कि इस ट्रेन का संचालन भी सहरसा से किया जाएगा, और यह ट्रेन पंजाब के फिरोजपुर तक चलाई जाएगी।
रेलवे के सूत्रों के मुताबिक, इस ट्रेन के लिए आवश्यक रैक बिहार पहुंच चुका है, जिसे वर्तमान में सुपौल के सरायगढ़ में रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन की परिचालन तिथि और अंतिम रूट की जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।
फिलहाल केवल एक रैक उपलब्ध है, इसलिए यह ट्रेन साप्ताहिक चलाई जाएगी। यानी एक सप्ताह में एक ही बार सहरसा से फिरोजपुर जाएगी और वापसी में उसी रैक का उपयोग किया जाएगा। भविष्य में जब और रैक उपलब्ध होंगे, तब इसकी फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जा सकती है।
इस ट्रेन के संचालन की तैयारियों को लेकर समस्तीपुर मंडल का रेल प्रशासन सक्रिय हो गया है। सहरसा स्टेशन पर धुलाई, सफाई, मेंटेनेंस और ठहराव के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। यह ट्रेन सहरसा को मिलने वाली दूसरी अमृत भारत ट्रेन होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने प्रधानमंत्री मोदी ने सहरसा से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक चलने वाली अमृत भारत ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाई थी। इसके अतिरिक्त, दरभंगा से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी पहले से अमृत भारत ट्रेन संचालित हो रही है।