तेजस्वी यादव पर भाजपा प्रवक्ता का तीखा हमला, कहा- “नौवीं फेल व्यक्ति नहीं समझ सकता पढ़ाई का महत्व”

BJP spokesperson's scathing attack on Tejashwi Yadav, said- "A person who failed in 9th standard cannot understand the importance of studies"

पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर तल्ख बयानबाजी देखने को मिली है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तेजस्वी यादव के एक पोस्ट पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा, “नौवीं फेल व्यक्ति कभी नहीं समझ सकता कि पढ़ाई-लिखाई क्या होती है और धरना-प्रदर्शन से छात्रों की शिक्षा को कितना नुकसान पहुंचता है।”

प्रभाकर मिश्र ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि तेजस्वी यादव शिक्षक अभ्यर्थियों के नाम पर महज राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने तेजस्वी की तुलना एक “बिगड़ैल शाहजादे” से की जो “जेब में माचिस लेकर चलता है और जहां ज्वलनशील माहौल देखता है, वहां आग लगाने से नहीं चूकता।”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर सरकार सजग है, और जो भी समाधान होगा, वह सरकार ही निकालेगी। उन्होंने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि “ऐसे लोग सिर्फ जलती आग में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकते हैं।”

प्रभाकर कुमार मिश्र ने तेजस्वी को अपने पिता लालू यादव के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा, “तेजस्वी यादव को झूठी सहानुभूति दिखाने के बजाय यह पूछना चाहिए कि उनके पिता के शासन में शिक्षकों की क्या स्थिति थी और कितने कम मानदेय पर बहाली हुई थी।”

भाजपा प्रवक्ता यहीं नहीं रुके। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव ने नौकरी के नाम पर गरीबों की जमीन हड़प ली और अपने शासनकाल में योग्य छात्रों को दरकिनार कर, पैसे वालों को नौकरी दी। उन्होंने कहा, “लालू-राबड़ी के राज में नौकरियों की बोली लगती थी और मेधावी छात्र दरकिनार होते थे।”

प्रभाकर मिश्र ने अंत में कहा कि तेजस्वी यादव अब पूरी तरह से “एक्सपोज़” हो चुके हैं और जनता अब उनकी राजनीतिक चालों को भलीभांति समझ चुकी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment