सिवान के ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर से 300 साल पुरानी मूर्तियाँ चोरी, इलाके में हड़कंप

300 year old idols stolen from the historic Ram-Janaki temple of Siwan, panic in the area

 सिवान: बिहार के सिवान जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आंदर प्रखंड के सुरवल गांव स्थित ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर से सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने भगवान श्रीराम और माता जानकी की लगभग 300 वर्ष पुरानी मूर्तियाँ चुरा लीं। इन मूर्तियों का निर्माण नीलम पत्थर से किया गया था और इनकी अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, चोरों ने मंदिर का मुख्य द्वार तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और लगभग दो फुट ऊँची मूर्तियों को चुरा लिया। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर की नियमित सफाई के लिए पहुँचे, तो मंदिर का दरवाजा टूटा हुआ पाया। गर्भगृह में प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि मूर्तियाँ गायब हैं, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन समय पर पुलिस के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखी गई। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि यह मंदिर उनके पूर्वजों द्वारा लगभग 300 साल पहले बनवाया गया था और यह पूरे क्षेत्र में आस्था का केंद्र रहा है।

थानाध्यक्ष सोनी कुमारी ने जानकारी दी कि अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर मूर्तियाँ बरामद कर ली जाएंगी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment