बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब ढाई बजे सड़क पर दौड़ रही एक टाटा नेक्सॉन सीएनजी कार अचानक धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही पलों में आग का गोला बन गई। कार में सवार तीन युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए जलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार माड़ीपुर सड़क मार्ग से गुजर रही थी, तभी अचानक बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। कार में सवार भोली सिंह ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। जैसे ही आग विंडशील्ड तक पहुंची, चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका। गाड़ी रुकते ही तीनों युवक दरवाजे खोलकर बाहर निकल गए। लोगों का कहना है कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चूंकि कार सीएनजी किट से लैस थी, इसलिए आग के साथ संभावित विस्फोट की आशंका से लोग दहशत में आ गए। भोली सिंह ने बताया कि उन्होंने अक्सर समाचारों और सोशल मीडिया पर सीएनजी कारों में आग लगने के बाद सिलेंडर फटने की घटनाएं देखी हैं, इसी डर से वे काफी दूर जाकर खड़े हो गए। स्थानीय लोगों ने भी एहतियातन दूरी बनाए रखी। राहत की बात यह रही कि आग के दौरान कोई विस्फोट नहीं हुआ।
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत नगर निगम, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास फैलने से रोका।
मामले की पुष्टि करते हुए काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि चलती कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं।