नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान वोट चोरी करवाई जा रही है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि “मैं 100 प्रतिशत सबूतों के साथ कह रहा हूं कि चुनाव आयोग वोट चोरी करवा रहा है।”
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, “हमारे पास एटम बम है और जब ये फटेगा, तो चुनाव आयोग हिंदुस्तान में कहीं दिखाई नहीं देगा।” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि “जो अधिकारी इसमें शामिल हैं, चाहे वे रिटायर भी हो जाएं, उन्हें हम नहीं छोड़ेंगे।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें पहले मध्य प्रदेश, लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में संदेह हुआ था। “हमें लगा कि बड़े स्तर पर वोटों की हेराफेरी हुई है। करीब एक करोड़ वोटर जोड़े गए। जब चुनाव आयोग ने हमारी मदद नहीं की, तो हमने खुद छह महीने तक जांच करवाई। जो सामने आया है, वह एटम बम जैसा है,” उन्होंने कहा।
राहुल गांधी ने आगे कहा, “चुनाव आयोग की तरफ से जो वोट चोरी हो रही है, वह भाजपा के लिए हो रही है। यह ओपन एंड शट केस है, इस पर कोई सवाल नहीं उठ सकता। हम बहुत जल्द सबूत सार्वजनिक करेंगे और तब पूरा देश देखेगा कि लोकतंत्र के साथ किस तरह खिलवाड़ किया गया है।”
अंत में उन्होंने कहा, “जो भी इस देश के लोकतंत्र के खिलाफ काम करेगा, वह देशद्रोही है। हम उसे कहीं भी हों, ढूंढ निकालेंगे।”