भारतीय फुटबॉल टीम को मिला नया कोच, खालिद जमील बने 13 वर्षों में पहले भारतीय मुख्य कोच

Indian football team gets a new coach, Khalid Jamil becomes the first Indian head coach in 13 years

नई दिल्ली: अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने शुक्रवार को एक अहम फैसला लेते हुए खालिद जमील को भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही 13 वर्षों बाद एक बार फिर किसी भारतीय कोच को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खालिद जमील को 2017 में आइजॉल एफसी को आई-लीग चैंपियन बनाने के लिए जाना जाता है। उन्हें इस पद के लिए दो अन्य दावेदारों – भारत के पूर्व कोच स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन और स्लोवाकिया के पूर्व कोच स्टीफन टारकोविक – पर वरियता दी गई। चयन प्रक्रिया में महान भारतीय स्ट्राइकर आईएम विजयन की अध्यक्षता वाली तकनीकी समिति ने तीनों नामों की सूची तैयार की, जिसके बाद अंतिम निर्णय AIFF की कार्यकारी समिति ने लिया।

48 वर्षीय जमील अब स्पेन के मनोलो मार्केज की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले आखिरी बार सावियो मेडेइरा ने 2011 से 2012 तक भारतीय टीम के मुख्य कोच के रूप में कार्य किया था।

वर्तमान में इंडियन सुपर लीग (ISL) की टीम जमशेदपुर एफसी के मैनेजर के रूप में कार्यरत जमील के सामने अब एक बड़ी चुनौती है। उनके कार्यकाल का पहला टूर्नामेंट 29 अगस्त से ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में होने वाला सेंट्रल एशियन फुटबॉल एसोसिएशन (CAFA) नेशंस कप होगा।

खालिद जमील की नियुक्ति को भारतीय फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे घरेलू प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment