नई दिल्ली: देश के हवाई अड्डों पर आतंकी खतरे की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने सभी हवाई अड्डों को निर्देश दिया है कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 के बीच सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा किया जाए। यह अलर्ट एक पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़ी विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जारी किया गया है।
BCAS ने जारी की एडवाइजरी
नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो ने 4 अगस्त को सभी संबंधित एजेंसियों को एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि हवाई अड्डों, हवाई पट्टियों, एयरफोर्स स्टेशनों और हेलीपेड्स पर सुरक्षा उपायों को तत्काल प्रभाव से बढ़ाया जाए।
एडवाइजरी में कहा गया है, “केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त सूचना के अनुसार 22 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आतंकी खतरे की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने और सघन निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।”
क्या हैं एडवाइजरी के प्रमुख निर्देश:
- हवाई अड्डों के टर्मिनल, पार्किंग और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी।
- सीसीटीवी कैमरे नॉन-स्टॉप एक्टिव मोड में रखे जाएंगे।
- किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी।
- डोमेस्टिक और इंटरनेशनल कार्गो तथा मेल को क्लीयर करने से पहले विशेष जांच अनिवार्य की गई है।
- यात्रियों को संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
- स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ, इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश।
- सुरक्षा अभ्यास (ड्रिल्स) और समय-समय पर घोषणाएं (अनाउंसमेंट्स) की जाएंगी।
सूत्रों के मुताबिक यह खतरा एक विशिष्ट पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन की गतिविधियों से जुड़ा है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।