उधमपुर में बड़ा सड़क हादसा: सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद, 15 घायल

Major road accident in Udhampur: 3 CRPF jawans martyred, 15 injured

उधमपुर (जम्मू-कश्मीर): जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। यह हादसा बसंतगढ़ इलाके के कंडवा क्षेत्र में हुआ, जब सीआरपीएफ का एक बंकर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और गहरे नाले में गिर गया।

23 जवान थे वाहन में सवार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह वाहन सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन का था और इसमें कुल 23 जवान सवार थे। जवान एक ऑपरेशन से लौट रहे थे, तभी सुबह करीब 10:30 बजे हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कंडवा-बसंतगढ़ मार्ग पर वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क से फिसलकर नीचे गिर गया।

मौके पर ही दो की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जांच में सड़क की खराब हालत जिम्मेदार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भट ने जानकारी दी कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और प्रारंभिक जांच में सड़क की खराब स्थिति और वाहन के नियंत्रण बिगड़ने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जताया शोक
इस घटना पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला उपायुक्त सलोनी राय से बात कर राहत कार्यों की निगरानी की जानकारी दी। मंत्री ने यह भी बताया कि स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment