पटना: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे STET शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले थे और डाकबंगला चौराहा के रास्ते वहां पहुंचना चाह रहे थे।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। यहां लगभग एक घंटे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन चला। लेकिन जैसे ही कुछ अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में कई अभ्यर्थी घायल हो गए हैं।
अब भी डटे हैं अभ्यर्थी
लाठीचार्ज के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। डाकबंगला चौराहे पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अब भी जुटे हैं। पुलिस ने वहां भी कड़ी सुरक्षा के तहत बैरिकेडिंग की है और वाटर कैनन (पानी की बौछार वाली गाड़ी) भी मौके पर बुला ली गई है।
नारों और पोस्टरों के साथ विरोध
प्रदर्शन में महिला और पुरुष अभ्यर्थी दोनों शामिल हैं। कई लोग बैरिकेडिंग पर चढ़कर पोस्टर लहरा रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन में 5000 से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हैं।
फिलहाल पटना का प्रमुख इलाका किले में तब्दील हो गया है और हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। अभ्यर्थी नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और शीघ्रता की मांग कर रहे हैं।