नई दिल्ली: उद्योगपति अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। सुबह 7 बजे से ही सीबीआई की टीमें अनिल अंबानी के आवास समेत रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। यह कार्रवाई भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को 2000 करोड़ रुपये से अधिक के कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, CBI ने इस मामले में रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। छापेमारी के दौरान अनिल अंबानी अपने परिवार के साथ घर पर ही मौजूद थे। जांच एजेंसी कंपनी और प्रमोटरों से जुड़े दस्तावेज़ों, फाइलों और डिजिटल डेटा की तलाशी ले रही है।
यह मामला उस ऋण से जुड़ा है जो रिलायंस कम्युनिकेशंस ने विभिन्न बैंकों से लिया था, लेकिन समय पर चुकता नहीं किया गया। बाद में इस लोन को धोखाधड़ी घोषित कर दिया गया। SBI की शिकायत पर CBI ने जांच शुरू की और अब यह सख्त कार्रवाई की जा रही है।
लगातार बढ़ रही हैं अनिल अंबानी की मुश्किलें
बता दें कि अनिल अंबानी की कानूनी परेशानियां हाल के दिनों में लगातार बढ़ रही हैं। 1 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें एक अन्य ₹17,000 करोड़ के लोन फ्रॉड केस में पूछताछ के लिए तलब किया था। अब CBI की इस छापेमारी ने उनकी मुश्किलों में और इजाफा कर दिया है।
इस मामले को देश के बड़े कॉर्पोरेट धोखाधड़ी मामलों में से एक माना जा रहा है। CBI की जांच के अगले कदमों पर अब पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं।