भोपाल: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार ने जेलों में बंद हजारों कैदियों को राहत देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि इस साल जन्माष्टमी पर पात्र बंदियों की सजा में 60 दिनों की विशेष छूट दी जाएगी। इस फैसले से प्रदेश की विभिन्न जेलों में सजा काट रहे करीब 14,000 बंदियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय मानवीय दृष्टिकोण और पर्व की भावना को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे बंदियों को सुधार का अवसर मिल सके और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भी प्रदेश की जेलों के दंडित बंदियों को सजा में करीब 60 दिन की छूट हेतु जेल विभाग को निर्देश दिए हैं। इससे 21 हजार बंदियों में से लगभग 14 हजार लाभान्वित होंगे।”
गंभीर अपराधियों को नहीं मिलेगा लाभ
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह सजा माफी सभी कैदियों के लिए लागू नहीं होगी। आतंकवाद, दुष्कर्म, हत्या जैसे गंभीर और जघन्य अपराधों में दोषी ठहराए गए बंदियों को इस रियायत का लाभ नहीं मिलेगा। केवल उन्हीं बंदियों को यह छूट दी जाएगी, जिनका आचरण जेल में अच्छा रहा है और जो गंभीर अपराधों की श्रेणी में नहीं आते।
गौरतलब है कि फिलहाल प्रदेश की जेलों में करीब 21,000 बंदी सजा काट रहे हैं। इस निर्णय से दो-तिहाई कैदियों को सजा में राहत मिल सकती है, जिससे वे जल्द रिहा होकर समाज की मुख्यधारा में लौटने का प्रयास कर सकें।