पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे का पेंच, एनडीए में खींचतान तेज

Patna: Seat-sharing issue in Bihar Assembly elections escalates, tussle in NDA intensifies

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए और महागठबंधन में सीट बंटवारे का गणित अब तक नहीं सुलझ सका है। दोनों गठबंधनों के दल भले ही सब कुछ सामान्य होने का दावा कर रहे हों, लेकिन सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा में देरी से असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

शनिवार को दिल्ली में एनडीए की एक अहम बैठक होने की चर्चा है, लेकिन इस बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने गठबंधन में तनाव की स्थिति को उजागर कर दिया। कुशवाहा ने साफ किया कि सीट बंटवारे पर बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, “इधर-उधर की खबरों पर ध्यान न दें। वार्ता अभी अधूरी है। मुझे नहीं पता कि मीडिया में खबरें कैसे चल रही हैं। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है, तो यह छल और धोखा है। सजग रहें।”

एनडीए के प्रमुख सहयोगी दलों, भाजपा और जदयू, के बीच सीट बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दल उम्मीदवारों के चयन पर मंथन कर रहे हैं। इससे पहले लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान की नाराजगी की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि बाद में उनकी शिकायतें कथित तौर पर सुलझा ली गईं। लेकिन कुशवाहा के ताजा बयान ने एक बार फिर एनडीए में अंदरूनी कलह की अटकलों को हवा दे दी है।

उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने छठ पूजा के बाद बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें निर्धारित की हैं। पहले चरण में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी। पहले चरण के लिए उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करने में जुट गए हैं। सीट बंटवारे पर अनिश्चितता के बीच दोनों गठबंधनों के लिए समय तेजी से कम होता जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment