- तेजस्वी यादव, विजय सिन्हा सहित कई बड़े नेताओं ने भरा नामांकन; तेजप्रताप यादव ने नामांकन टाला, कल करेंगे दाखिल
बिहार: विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। चुनावी सरगर्मी के बीच नेता लगातार नामांकन भर रहे हैं। आज कई दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से नामांकन दाखिल किया।
तेजस्वी यादव ने राघोपुर से भरा पर्चा
राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने आज राघोपुर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ इस मौके पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती और सलाहकार संजय यादव भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले तेजस्वी ने रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में राजद कार्यकर्ता शामिल हुए।
तेजप्रताप यादव ने टाला नामांकन, अब कल करेंगे दाखिल
लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव आज महुआ सीट से जनशक्ति जनता दल के टिकट पर नामांकन करने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने पर्चा भरने से इनकार कर दिया। अब वे 16 अक्टूबर को नामांकन करेंगे।
विजय कुमार सिन्हा का नामांकन और रोड शो
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय से नामांकन किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मौजूद थे। नामांकन के बाद विजय सिन्हा ने खुली जीप में रोड शो भी किया।
तेजस्वी यादव का संकल्प और घोषणाएं
नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक संदेश साझा करते हुए कहा कि राघोपुर की जनता ने दो बार उन पर विश्वास जताया और अब तीसरी बार भी उन्हें पूरा भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है, जिसमें हर परिवार को एक सरकारी नौकरी दी जाएगी।
तेजस्वी ने अपने नामांकन को बदलाव का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ उनका नहीं, बल्कि बिहार के हर आम आदमी का नामांकन है। उन्होंने अपनी प्रमुख घोषणाओं में ये बातें शामिल कीं:
- हर परिवार में सरकारी नौकरी
- बेरोजगारी का खात्मा
- महंगाई में कमी और ₹500 में गैस सिलेंडर
- महिलाओं को ₹2500 प्रति माह
- हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली
- अच्छे स्कूल और अस्पतालों में नामांकन
- मकान, अन्न, आमदनी (MAA) योजना
- बेटियों के लिए BETI योजना
- उद्योग-धंधों को बढ़ावा
- अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्ति
जेडीयू पर भी साधा निशाना
तेजस्वी ने जेडीयू पर हमला बोलते हुए कहा कि अब यह पार्टी नीतीश कुमार की नहीं रही। ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी जैसे नेता बीजेपी के हाथों बिक चुके हैं और उन्होंने जेडीयू को बर्बाद कर दिया है।
अंत में तेजस्वी यादव ने जनता से अपील की कि वे उनके साथ खड़े रहें और बदलाव की मुहर 14 नवंबर को लगाएं। उन्होंने वादा किया कि बिहार में अब नवक्रांति की शुरुआत होने जा रही है और जनता की वर्षों की पीड़ा का अंत जल्द होगा।
नारा दिया:
“परिवर्तन की गूँज है भारी, हक लेने आ रहे हैं बिहारी। जय हिंद, जय बिहार, जय बिहारी!”