बिहार: नए साल की शुरुआत के साथ ही बिहार पुलिस ने आमजनों की सुविधा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल की है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से राज्यवासियों के लिए दो हेल्पलाइन मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर लोग अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे दर्ज करा सकते हैं।
बिहार पुलिस मुख्यालय ने जानकारी दी है कि आम नागरिक अब अपनी समस्याओं के निपटारे के लिए पुलिस महानिदेशक नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए दो मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं — 9031829339 और 9031829340। इन नंबरों पर किसी भी समय फोन कर अपनी बात रखी जा सकती है।
इस पहल पर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि बिहार में अपराधियों पर लगाम कसने में पुलिस कोई ढिलाई नहीं बरतेगी। जो भी अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई बार पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है। ऐसी ही एक स्थिति हाल ही में फुलवारी शरीफ में देखने को मिली, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हुआ।
डीजीपी ने राज्य में अपराध के ग्राफ में कमी आने का भी दावा किया। उन्होंने बताया कि पटना में विभिन्न श्रेणियों के अपराधों में करीब 25 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पूरे बिहार में भी अपराध के मामलों में कमी आई है।
इसके साथ ही डीजीपी ने बिहार में बढ़ते ड्रग्स कारोबार और साइबर अपराध पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज का युवा तेजी से ड्रग्स और साइबर अपराध की ओर बढ़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस इन दोनों अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और इस दौरान कई युवाओं की गिरफ्तारी भी की गई है।