अवैध चेन पुलिंग और महिला कोच में यात्रा करने वालों पर रेलवे का शिकंजा, एक माह में 3629 यात्री हिरासत में

Railways crack down on illegal chain pulling and those traveling in women's coaches; 3,629 passengers detained in one month.

रेल यात्रियों के लिए चेतावनी है कि ट्रेनों में बिना वजह चेन पुलिंग करने वाले और महिला डिब्बे में यात्रा करने वाले लोग सतर्क हो जाएं। रेलवे ऐसे यात्रियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। बीते एक महीने में विभिन्न ट्रेनों से कुल 3629 यात्रियों को हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।

उन्होंने बताया कि पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना उचित कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग कर ट्रेनों को अनावश्यक रूप से रोकने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन “समय पालन” के तहत कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि ट्रेनों का संचालन समय पर सुनिश्चित किया जा सके।

ऑपरेशन “समय पालन” के अंतर्गत 1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना कारण चेन पुलिंग करने के आरोप में 1032 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन सभी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान दानापुर मंडल में सबसे अधिक 429 लोग पकड़े गए। वहीं समस्तीपुर मंडल में 266, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 131, सोनपुर मंडल में 116 और धनबाद मंडल में 90 यात्रियों को हिरासत में लिया गया।

इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑपरेशन “महिला सुरक्षा” के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक महिला डिब्बे में सफर करते पाए गए 2629 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनके खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 162 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

इसमें भी दानापुर मंडल में सर्वाधिक 1371 पुरुष यात्री पकड़े गए। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 706, समस्तीपुर मंडल में 240, सोनपुर मंडल में 166 और धनबाद मंडल में 146 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि नियमों का पालन करें, ताकि सुरक्षित और समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment