वॉशिंगटन: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का आज 27वां दिन है। इसी बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी वार्ताकार अमेरिका के साथ समझौते के लिए “विनती” कर रहे हैं और समय तेजी से खत्म होता जा रहा है।
‘पीछे मुड़ने का रास्ता नहीं बचेगा’
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान सार्वजनिक रूप से अलग रुख दिखा रहा है, जबकि अंदरखाने समझौते के लिए दबाव बना रहा है। उनके अनुसार, “ईरानी प्रतिनिधि डील के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन दुनिया के सामने इसे केवल प्रस्ताव की समीक्षा बताया जा रहा है।”
ट्रंप ने ईरान की सैन्य स्थिति पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उसकी सैन्य क्षमता लगभग खत्म हो चुकी है और उसके दोबारा मजबूत होने की संभावना बेहद कम है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने जल्द गंभीर रुख नहीं अपनाया, तो उसके पास पीछे लौटने का कोई रास्ता नहीं बचेगा।
बढ़ सकता है कूटनीतिक तनाव
ट्रंप के इन बयानों से क्षेत्र में पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, ईरान की ओर से इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बयान दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्थिति को और जटिल बना सकते हैं। मिडिल ईस्ट की मौजूदा परिस्थिति में हर बयान वैश्विक राजनीति को प्रभावित कर रहा है, ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल सकती हैं।