पटना/भोजपुर: नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी को चौंका दिया। मुख्यमंत्री के भाषण के बीच एक बुजुर्ग अचानक खड़े हो गए और भावुक होकर बोले— “ए नीतीश जी, बिहार छोड़के काहे जात बानी… 2030 तक रहे के बा।” उनकी इस अपील ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। किसी ने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पोस्टर लेकर खड़े युवक ने भी की अपील
भोजपुर से सामने आए एक अन्य वीडियो में एक युवक मंच के सामने पोस्टर लेकर खड़ा नजर आया। पोस्टर पर लिखा था— “आदरणीय नीतीश कुमार, कृपया मुख्यमंत्री पद ना छोड़ें। आपकी बिहार को आवश्यकता है।”
युवक का यह संदेश देखकर मुख्यमंत्री भी भावुक हो गए। उन्होंने अधिकारियों को इशारा किया, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने पोस्टर उनके पास पहुंचाया। पोस्टर पढ़ते ही उनकी आंखें नम हो गईं। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राज्यसभा जाने की चर्चा, इस्तीफे की अटकलें
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा है, जिसके चलते उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है। हालांकि, जनता की भावनाएं कुछ और ही संकेत दे रही हैं। लोग चाहते हैं कि वे 2025 से 2030 तक बिहार के मुख्यमंत्री बने रहें और राज्य का नेतृत्व जारी रखें।
समृद्धि यात्रा के दौरान लगातार लोगों ने अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं। बुजुर्ग से लेकर युवाओं तक, सभी ने मुख्यमंत्री से दिल्ली न जाने और बिहार में ही बने रहने की अपील की।
समापन कार्यक्रम में कई दिग्गज रहे मौजूद
समृद्धि यात्रा के समापन अवसर पर पटना के बापू सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी और सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। फिलहाल, बिहार की राजनीति में अगला कदम क्या होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं, लेकिन जनता का रुख साफ है—वे नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर ही देखना चाहती है।