इजरायल का दावा: ईरानी नेवी कमांडर अलीरेजा तंगसीरी हमले में मारे गए

Israel Claims: Iranian Navy Commander Alireza Tangsiri Killed in Attack

तेल अवीव: इजरायल ने दावा किया है कि उसने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के नेवी कमांडर अलीरेजा तंगसीरी को मार गिराया है। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स में इस बारे में जानकारी दी गई है, हालांकि ईरान की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इजरायली अखबार द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, एक अधिकारी के हवाले से बताया गया कि बंदर अब्बास शहर पर किए गए हमलों में तंगसीरी की मौत हुई। हाल के दिनों में तंगसीरी का नाम काफी चर्चा में रहा है और उन्हें ईरान की समुद्री सैन्य रणनीति का अहम चेहरा माना जाता था।

होर्मुज में रणनीतिक भूमिका निभाते थे तंगसीरी
तंगसीरी आईआरजीसी नेवी के प्रमुख थे और खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की निगरानी और सैन्य अभियानों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका जन्म ईरान के बुशहर प्रांत में हुआ था और उन्होंने ईरान-इराक युद्ध के दौरान अहम भूमिका निभाई थी।

इसके बाद वह तथाकथित “टैंकर युद्ध” में भी सक्रिय रहे और आगे चलकर IRGC नेवी में शीर्ष पदों तक पहुंचे। उन्होंने बंदर अब्बास में पहले नेवल डिस्ट्रिक्ट की कमान संभाली और 2010 से 2018 तक डिप्टी कमांडर रहे। इसके बाद उन्हें फोर्स का प्रमुख बनाया गया।

ईरान को लगातार लग रहे बड़े झटके
अगर तंगसीरी की मौत की पुष्टि होती है, तो वह उन वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की सूची में शामिल हो जाएंगे, जिनकी 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष के बाद मौत हुई है। यह संघर्ष अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद तेज हुआ था।

इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके करीबी सलाहकार अली लारीजानी समेत कई शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेताओं की मौत की खबरें सामने आ चुकी हैं। इन हमलों को ईरान की शीर्ष नेतृत्व पर बड़ा झटका माना जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment