पटना: जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बादशाही पइन के पास जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच रविवार को हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर गोलीबारी की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि करीब 15 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। एक व्यक्ति के पेट में गोली लगी है, जबकि दूसरे के जांघ में गोली लगने से उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम दोनों का इलाज कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले भी इसी मुद्दे पर मारपीट हुई थी, लेकिन उस समय मामला शांत करा दिया गया था। रविवार को यह विवाद अचानक उग्र हो गया और गोलीबारी तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और इसके लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से खोखे और अन्य तकनीकी सबूत इकट्ठा कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायलों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।