समस्तीपुर: जिले के विशनपुर मुसहरी टोला में रविवार को लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शॉर्ट सर्किट से लगी आग में घर के अंदर सो रहे जुड़वां भाइयों में से एक 5 वर्षीय मासूम श्याम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे को किसी तरह सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, विशनपुर मुसहरी टोला निवासी अशोक सदा के दोनों जुड़वां बेटे घर के अंदर सो रहे थे। तभी अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने फूस के घर को आग की चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को बचाने का प्रयास किया। एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन श्याम आग और धुएं के बीच फंस गया। जब तक लोग उसे बाहर निकाल पाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसने आसपास के करीब पांच घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कई गरीब परिवारों का अनाज, कपड़े और जमा पूंजी जलकर राख हो गई। इस हादसे में एक मवेशी के भी जिंदा जलने की सूचना है, जिससे पीड़ितों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आग लगने के कारणों की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
घटना के बाद पूरे मुसहरी टोला में सन्नाटा पसरा हुआ है। मासूम के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।