घूस मांगने का वीडियो वायरल, महिला दारोगा प्रिया कुमारी निलंबित

Video of Demanding Bribe Goes Viral; Female Sub-Inspector Priya Kumari Suspended

पटना: राजधानी पटना में जीपीओ गोलंबर के पास तैनात ट्रैफिक पोस्ट की महिला दारोगा प्रिया कुमारी का घूस मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक एसपी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है।

वायरल वीडियो में प्रिया कुमारी एक ऑटो (टेम्पू) में बैठकर चालक से पैसे मांगती नजर आ रही हैं, जबकि नियमानुसार उन्हें चालान काटना चाहिए था। वीडियो में वह इशारों में चालक से 500 रुपये की मांग करती दिखाई देती हैं, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठे हैं।

बताया जा रहा है कि महिला दारोगा स्कूटी किनारे लगाकर ऑटो में बैठी थीं और चालक से पैसे की मांग कर रही थीं। इस दौरान ऑटो चालक फोन पर किसी से ऑनलाइन पेमेंट कराने की बात करता है और 100 रुपये कम लेकर 400 रुपये लेने का अनुरोध करता है। हालांकि, दारोगा 500 रुपये से कम लेने को तैयार नहीं होती हैं।

वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पटना ट्रैफिक एसपी ने त्वरित कदम उठाते हुए प्रिया कुमारी को सस्पेंड कर दिया और उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि बिहार में लगातार घूसखोरी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद ऐसे मामले सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment