सीतामढ़ी। बिहार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के बीच सीतामढ़ी जिले के कुख्यात अपराधी विकेश दास ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन लंगड़ा” के दबाव में उसने आत्मसमर्पण किया है।
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने हाल ही में कहा था कि राज्य में किसी भी हाल में अपराधियों का राज खत्म किया जाएगा और बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों के खिलाफ एनकाउंटर और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे कई अपराधी अब कोर्ट में सरेंडर कर रहे हैं।
ताजा मामला सीतामढ़ी जिले के बथनाहा प्रखंड के मटियार कला गांव का है, जहां 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विकेश दास ने बुधवार को सीतामढ़ी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और कई संगीन मामलों में वांछित था।
जानकारी के मुताबिक, विकेश दास कचोर पंचायत के मुखिया मुन्ना मिश्रा हत्याकांड और जयनगर पंचायत समिति सदस्य कविता देवी के पति राजू कुशवाहा की हत्या मामले में आरोपी है। इसके अलावा जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर मामलों के केस दर्ज हैं।
बताया जाता है कि विकेश दास का परिवार भी लंबे समय से खूनी रंजिश का शिकार रहा है। वर्ष 2001 में पंचायत चुनाव की दुश्मनी के कारण उसके पिता और तत्कालीन मुखिया दुखा दास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बिंदु राउत पर हत्या का आरोप लगा था। इसके कुछ समय बाद विकेश दास के भाई राकेश दास की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
लगातार पारिवारिक रंजिश और आपराधिक घटनाओं के कारण यह मामला लंबे समय से इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ था। अब विकेश दास के सरेंडर के बाद पुलिस उससे जुड़े पुराने मामलों में पूछताछ की तैयारी कर रही है।