पटना। NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजद युवा मोर्चा ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राजद कार्यालय के बाहर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन को देखते हुए राजद कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को केवल राजद कार्यालय परिसर के बाहर ही विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई थी।
राजद युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इनकम टैक्स गोलंबर की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर ही केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
दरअसल, राजद युवा मोर्चा की योजना इनकम टैक्स गोलंबर पर प्रदर्शन करने की थी, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम को राजद कार्यालय के बाहर ही आयोजित करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।