वैशाली (चौथी वाणी)। हाजीपुर स्थित सर्किट हाउस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वैशाली जिले के सभी प्रखंडों (मंडलों) के कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संघ के विभिन्न प्रकल्पों से जुड़े कार्यकर्ता एवं अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और आगामी हिंदू सम्मेलन की व्यापक तैयारियों पर मंथन किया गया।
कार्यशाला के दौरान हिंदू सम्मेलन को लेकर चलाए जा रहे गृह संपर्क अभियान की प्रगति की जानकारी दी गई। बताया गया कि अब तक जिले में लगभग 2 लाख परिवारों से गृह संपर्क किया जा चुका है। इस अवसर पर संघ से जुड़े पत्रों एवं हिंदू समाज की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तकों का भी विक्रय किया गया।
बैठक में 14 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक संपूर्ण जिले में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक मंडल और बस्ती स्तर पर टोली निर्माण, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा सज्जन शक्ति को संगठित करने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु यह रहा कि हिंदू समाज स्वयं अपने नेतृत्व में खड़ा हो और समाज के भीतर हिंदुत्व का भाव स्पष्ट एवं सशक्त रूप से सामने आए।
कार्यशाला में यह भी तय किया गया कि हिंदू सम्मेलन किसी एक संगठन तक सीमित न रहकर संपूर्ण हिंदू समाज का कार्यक्रम बने। इसके लिए स्थानीय स्तर पर धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न जाति-बिरादरी के प्रमुख लोगों, मातृशक्ति तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान वैशाली जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए संयोजक एवं सह-संयोजकों के नामों की घोषणा भी की गई।
जिला हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम के प्रमुख राजेश कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वैशाली जिले में कुल 75 स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्यशाला में संघ के सह विभाग संचालक श्री शंभु जी, जिला कार्यवाह दिलीप जी सहित संघ के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।