वैशाली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वैशाली द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार लालगंज थानाध्यक्ष पर की गई कार्रवाई के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। यह प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 04 जनवरी 2026 को जारी की गई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलनपुर निवासी रामप्रीत सहनी के आवास पर गुप्त सूचना के आधार पर लालगंज थाना पुलिस द्वारा छापेमारी की गई थी। इस मामले में प्राथमिकी संख्या 662/25 दर्ज की गई। छापेमारी का नेतृत्व थानाध्यक्ष लालगंज, पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार द्वारा किया गया।
छापेमारी के दौरान चोरी की सामग्री बरामद होने का उल्लेख किया गया, जिसमें मुख्य रूप से 03 टीवी, 02 जिंदा कारतूस, 01 मिस फायर कारतूस तथा कुछ तांबा एवं अन्य धातु के बर्तन शामिल हैं। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई की कोई वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं की गई, जिसकी सूचना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) द्वारा दी गई।
इसके अतिरिक्त, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) ने पुलिस अधीक्षक वैशाली को अवगत कराया कि छापेमारी के दौरान सोना एवं नगद राशि की भी बरामदगी हुई थी, जिसे जप्ती सूची में दर्शाया नहीं गया। इस तथ्य को गंभीर एवं संवेदनशील मानते हुए पुलिस अधीक्षक वैशाली ने तत्काल संज्ञान लिया।
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विस्तृत जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), वैशाली श्री प्रेम सागर को जांच का दायित्व सौंपा गया है। जांच के दौरान छापेमारी से संबंधित सभी तथ्यों, अभिलेखों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध विधि एवं विभागीय नियमों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में मध्य प्रदेश की एक महिला के साथ ठगी एवं शारीरिक शोषण से जुड़ा मामला भी सामने आया था, जिसे गंभीरता से नहीं लिया गया था और स्पष्टीकरण मांगने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया था। दोनों मामलों में कार्रवाई की अनुशंसा पुलिस उप-महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर को भेजी गई थी।
प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के आलोक में पुलिस उप-महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर द्वारा पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, थानाध्यक्ष लालगंज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, पुलिस अवर निरीक्षक सुमनजी झा को भी निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र में हाजिर किया गया है।