मुंबई: आतंकवादी फंडिंग से जुड़े एक संदिग्ध मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और महाराष्ट्र आतंकवाद-रोधी दस्ता (ATS) ने गुरुवार को ठाणे जिले के पडघा क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, भिवंडी के पडघा इलाके में सुबह से ही यह कार्रवाई जारी है, जो पहले की गई जांच और अभियानों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई संदिग्धों के घरों की तलाशी ली जा रही है। ईडी संदिग्ध धन-लेनदेन की जांच कर रही है, जबकि ATS इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी के साथ मिलकर तकनीकी और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
इस साल जून में भी ATS और ठाणे ग्रामीण पुलिस ने बोरिवली (पडघा) में 22 घरों पर बड़ी कार्रवाई की थी। जिन लोगों पर छापेमारी हुई थी, उनमें स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) के पूर्व पदाधिकारी साकिब नचन, उसके कथित सहयोगी और प्रतिबंधित संगठन के समर्थक शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, पिछली कार्रवाई में ATS ने 19 मोबाइल फोन और कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री और दस्तावेज जब्त किए थे। इससे पहले, दो साल पूर्व राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी इसी क्षेत्र में आतंकवाद से जुड़े मामलों में छापेमारी की थी। NIA ने साकिब नचन को पडघा से गिरफ्तार किया था, जिसकी इस वर्ष जून में दिल्ली के एक अस्पताल में मृत्यु हो गई थी।