कैलिफोर्निया में फुटपाथ पर मिला डरावना टेडीबियर, ‘इंसानी त्वचा’ समझ मच गया हड़कंप

कैलिफोर्निया: अमेरिका के सैन बर्नार्डिनो काउंटी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक ‘इंसानी त्वचा’ जैसा दिखने वाला टेडीबियर मिला। पहली नजर में लोगों को यह किसी अपराध से जुड़ा मामला लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और इलाके को तत्काल सील कर जांच शुरू की गई।

इंसानी अवशेष का शक, पुलिस ने किया इलाका सील
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार दोपहर को स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि एक फुटपाथ पर इंसानी शरीर के टुकड़े जैसी कोई वस्तु पड़ी है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा कि वहां एक भालू (टेडीबियर) पड़ा था, जो असामान्य चमड़े से बना था। उस पर इंसान जैसी नाक और होंठ सिले हुए थे और आंखें खोखली थीं। यह सब कुछ इतना असली लग रहा था कि पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

ऑनलाइन दुकान ने कबूली ‘डरावने भालू’ की जिम्मेदारी
जांच के बीच मामला तब पलटा जब “DarkSeedCreations” नाम की एक ऑनलाइन दुकान सामने आई और उसने फेसबुक पर पोस्ट कर इस टेडीबियर को अपना बनाया हुआ प्रॉप बताया।

दुकान के मालिक ने लिखा,
“हाँ, यह भालू मैंने ही बनाया है। मैंने इसे पिछले हफ्ते ही कैलिफोर्निया के एक ग्राहक को भेजा था। मुझे नहीं पता था कि इसका इस तरह इस्तेमाल किया जाएगा। मैं इस घटना से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं हूँ।”

लोगों ने ली राहत की सांस
इस खुलासे के बाद पुलिस और स्थानीय लोग चैन की सांस ले पाए। माना जा रहा है कि किसी ने यह भयानक प्रॉप जानबूझकर सार्वजनिक स्थान पर रख दिया, जिससे डर फैलाया जा सके। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस टेडीबियर को वहां किसने और क्यों रखा।

यह घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई है और लोगों में इस तरह के वास्तविक दिखने वाले हॉरर प्रॉप्स को लेकर चिंता जताई जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment