बिहार: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के सभी विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक राबड़ी आवास में बुलाई। विधानसभा सत्र के दौरान 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पर आयोजित इस विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र के दौरान सदन में सरकार को घेरने की रणनीति तय करना रहा। इस दौरान महागठबंधन नेताओं ने बजट और सरकार की नीतियों को लेकर चर्चा की और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर सहमति बनाई।
बैठक में शामिल होने पहुंचे भाकपा माले के पालीगंज विधायक संदीप सौरभ ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मात्र 12 मिनट में बजट समाप्त कर दिया गया और इसमें सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से कोई ठोस प्रस्ताव सामने नहीं रखा गया।
संदीप सौरभ ने कहा कि महागठबंधन सदन के भीतर और सदन के बाहर दोनों जगह जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के पास जनता को जवाब देने के लिए कुछ नहीं है और वह केवल दिखावा और ढोंग कर रही है। जनता के सवालों पर महागठबंधन पूरी तरह एकजुट रहेगा, इसी को लेकर राबड़ी आवास में यह अहम बैठक आयोजित की गई।