शिवहर में डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार

Police have solved the robbery case in Shivhar, and two criminals have been arrested.

बिहार: शिवहर के सदर थाना क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में लूटे गए सामान के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है।

बताया जा रहा है कि सुंदरपुर खरौना निवासी बिंदेश्वरी राय के घर 29 जनवरी को 5–6 अज्ञात अपराधियों द्वारा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। शिवहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड का खुलासा किया और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, घटनास्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्य, गहन अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के कस्तुरिया गांव निवासी आलमगीर उर्फ माइकल एवं नास आलम के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से चार साड़ियां, नकद 4600 रुपये, लूटा गया मोबाइल फोन और चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध तरियानी थाना और पिपराही थाना में पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, शिवहर थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक मंजर आलम, तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद, फतेहपुर थाना अध्यक्ष राधेश्याम कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment