बिहार: बिहार के चार अधिकारियों का एक दल आज ओडिसा जा रहा है, जो बालेश्वर में हुई रेल दुर्घटना के बाद वहां फंसे बिहार के यात्रियों की वापसी को सुगम बनाने के प्रयास करेगा। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने इस दल का गठन किया है। रेल दुर्घटना में बिहार के कम से कम तीन लोगों की मृत्यु हुई है और 17 अन्य घायल हुए हैं। ये लोग दुर्घटनाग्रस्त कोरोमंडल एक्सप्रेस से चेन्नई जा रहे थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थिति की समीक्षा की और फंसे लोगों को हर प्रकार की सहायता देने के आदेश दिए। बिहार के अधिकारियों का यह दल सुनिश्चित करेगा कि मृतकों और घायल लोगों के संबंधियों की हर प्रकार की मदद उपलब्ध कराई जाए। यह दल ओडिसा के अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के साथ ताल-मेल के साथ अपना काम करेगा। राज्य सरकार ने अररिया, किशनगंज, समस्तीपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी जिलों के चालीस यात्रियों को वापस लाने के लिए बस का भी प्रबंधन किया है।
बिहार के चार अधिकारियों का एक दल आज जा रहा है ओडिसा