उत्तर प्रदेश के कौशांबी से बब्बर खालसा इंटरनेशनल और आईएसआई मॉड्यूल से जुड़ा एक सक्रिय आतंकी गिरफ्तार किया गया है। आतंकी का नाम लाजर मसीह है, जो पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है। उसे यूपीएसटीएफ और पंजाब पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी गुरुवार सुबह लगभग 3:20 बजे की गई।
लाजर मसीह बब्बर खालसा इंटरनेशनल के जर्मन-आधारित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी के लिए काम करता था। साथ ही, वह पाकिस्तान स्थित आईएसआई के गुर्गों के संपर्क में भी था। इस गिरफ्तारी को यूपी एटीएस और पंजाब पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
आतंकी के पास से बरामद हथियार और विस्फोटक
गिरफ्तार आतंकी के पास से तीन हैंड ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, एक विदेशी पिस्टल, दो अन्य हथियार और विदेश निर्मित सफेद विस्फोटक बरामद हुए हैं। इसके अलावा, उसके पास से गाजियाबाद के पते का आधार कार्ड और बिना सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन भी मिला है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यूपी एसटीएफ) अमिताभ यश ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह ऑपरेशन कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3:20 बजे चलाया गया था।
आतंकी के बारे में और जानकारी
बता दें कि लाजर मसीह 24 सितंबर 2024 को पंजाब पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है और कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।