भारतीय मूल के इंजीनियर आकाश बोब्बा इन दिनों चर्चा में हैं। एलन मस्क के डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) ने जिन छह युवा इंजीनियरों को नियुक्त किया है, उनमें आकाश बोब्बा भी शामिल हैं। इन नियुक्तियों के साथ एक विवाद भी उत्पन्न हो गया है, क्योंकि 19 से 24 वर्ष की आयु के इन छह इंजीनियरों के पास कथित तौर पर संवेदनशील सरकारी प्रणालियों तक असाधारण पहुंच प्रदान की गई है।
कौन हैं आकाश बोब्बा
आकाश बोब्बा 22 वर्षीय भारतीय मूल के इंजीनियर हैं। बोब्बा ने यूसी बर्कले में एक बेहतरीन कोडर के रूप में शुरुआत की थी। उन्होंने मेटा और पलान्टिर जैसी कंपनियों में इंटर्न के रूप में काम किया है। सरकार में एक प्रमुख पद पर बोब्बा की नियुक्ति एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अपने तकनीकी कौशल के अलावा, बोब्बा का रिज्यूमे एआई, डेटा एनालिटिक्स और वित्तीय मॉडलिंग में उनकी विशेषज्ञता को भी दर्शाता है।
प्रतिभा की खान
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, बोब्बा के एक पूर्व सहपाठी, चारिस झांग ने बर्कले में एक घटना को याद किया जो उनके कोडिंग कौशल को उजागर करती है। झांग ने बताया कि एक महत्वपूर्ण परियोजना की समय सीमा से ठीक दो दिन पहले, आकाश के साथी ने गलती से उनका पूरा कोडबेस डिलीट कर दिया। जब टीम घबराई, तो आकाश शांत रहा, और उसने पूरी परियोजना को रातों-रात नए सिरे से लिखा और तय समय से पहले सबमिट कर दिया, जिससे उसे शीर्ष अंक मिले।
DOGE द्वारा नियुक्त अन्य इंजीनियर
आकाश बोब्बा के अलावा, DOGE द्वारा नियुक्त अन्य इंजीनियरों में एडवर्ड कोरिस्टीन, ल्यूक फैरिटर, गौटियर कोल किलियन, गेविन क्लिगर और एथन शाओट्रान शामिल हैं।
क्या है विवाद
इन युवा इंजीनियरों की संघीय एजेंसियों में पहुंच के स्तर को लेकर कुछ चिंताएं उभरी हैं। सूत्रों का हवाला देते हुए, WIRED ने बताया कि इनमें से कम से कम चार इंजीनियरों (बोब्बा भी इनमें शामिल हैं) के पास शीर्ष-स्तरीय पहुंच है। आलोचकों का मानना है कि प्रमुख सरकारी पदों पर युवा और अनुभवहीन व्यक्तियों की मौजूदगी निगरानी और सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक हो सकती है।