लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को लेकर विवादित बयान दिया है। गुरुवार को संसद के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “चुनाव आयोग मर चुका है, उसे सफेद कपड़ा भेंट करना पड़ेगा। यही BJP के चुनाव लड़ने का तरीका है।” यह बयान उन्होंने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर दिया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।
अखिलेश ने दावा किया कि BJP लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, “BJP इसी तरह से चुनाव लड़ती है, चुनाव आयोग मर चुका है, हमें उन्हें सफेद कपड़ा देना होगा।”
इससे पहले, अखिलेश ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया था कि पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के पहचान पत्र की जांच कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “अयोध्या पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के पहचान पत्र की जांच कर रही है, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। यह लोकतांत्रिक अपराध है, जिससे मतदाताओं में भय फैलाने की कोशिश की जा रही है।”
अयोध्या पुलिस ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वे मतदाताओं के नहीं, बल्कि बूथ एजेंटों के पहचान पत्र की जांच कर रहे थे। पुलिस ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख से भ्रामक बयान न देने की अपील भी की।
मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद ने भी आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं और पुलिस भी उन पर दबाव बना रही है।
उपचुनाव में बुधवार को 57.13 प्रतिशत मतदान हुआ, और यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल को और गरमाने वाला साबित हो रहा है।